उत्सवघोषणान्यूजमुंगेली/लोरमीयोजनाराजनीतिविकसित भारतविकास कार्य

बाबा गुरुघासी दास जयंती: खैरा-सेतगंगा में एक करोड़ की विकास कार्यो एवं लालपुर में महाविद्यालय की मुख्यमंत्री की सौगात…

हरिपथ:मुंगेली/लोरमी– 18 दिसम्बर गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्राम खैरा-सेतगंगा एवँ लालपुर धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सेतगंगा धाम के विकास के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने जैतखंभ की पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाई, गुरुगद्दी एवं राम जानकी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। बाबा के विचार आज भी सामाजिक एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने और छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राशि दी जा रही है। प्रशासन में पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में भी ठोस कार्य किए जा रहे हैं।


उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का सेतगंगा आगमन सौभाग्य की बात है और उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री के आगमन पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कैबिनेट मंत्री गुरु  खुशवंत साहेब, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक  सुशांत शुक्ला, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पंडरिया विधायक  भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय एवं जिलाध्यक्ष  दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत किया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का पगड़ी एवं गजमाला पहनाकर सम्मान किया।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं खाद्य मंत्री श्री बघेल ने भी गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए समाज के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक श्री मोहले ने गुरु घासीदास बाबा के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सेतगंगा क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें रखीं।

लालपुर में महाविद्यालय की घोषणा से युवाओं में उत्साह, विकास कार्यों की सौगात

लोरमी– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम लालपुर  एवं खैरा सेतगंगा में आयोजित गुरु घासीदास जयंती  लालपुर तीन दिवसीय मेला कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम स्थल पर सतनामी कल्याण समिति बंधवा, लालपुर के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पमाला से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने लालपुर क्षेत्र के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए लालपुर में नवीन महाविद्यालय की घोषणा की। साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन हेतु दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णाेद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है। हमारी सरकार अपने महापुरुषों के सपनों के अनुरूप समतामूलक और समृद्ध राज्य के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया गया है। प्रदेश में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को प्राथमिकता दी जा रही है तथा धान खरीदी पूर्ण होने के पश्चात किसानों को अंतर की राशि शीघ्र अंतरित की जाएगी। सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूर्णतः संकल्पित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते दो वर्षों में धान का रकबा और किसानों की संख्या में वृद्धि हुई है। 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में नई औद्योगिक नीति लागू की गई है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग का बेटा-बेटी उद्यमी बन सके। उन्होंने सभी के सहयोग से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने आयोजित कार्यक्रम में सतनाम आचार संहिता और जागरूकता कलेंडर का भी विमोचन किया।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में गांव, गरीब और सभी वर्गों का तेजी से विकास हो रहा है। अनुसूचित जाति प्राधिकरण को सशक्त करते हुए इसके बजट को 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। बाबा ने अपने समय में ऊँच-नीच, भेदभाव और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों का सशक्त विरोध किया और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सर्व समाज का समावेशी विकास हो रहा है। सतनामी समाज के शैक्षणिक विकास के लिए सरकार द्वारा निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान बेटा-बेटियों को पायलट प्रशिक्षण हेतु 15-15 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है।


कार्यक्रम में खाद्य मंत्री  दयालदास बघेल, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष  श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष  शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुजीत वर्मा,विनय साहू,मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, दिनेश कश्यप, दिनेश साहू, ग्राम पंचायत सरपंच संघ अध्यक्ष ज्ञानेश्वर सिंह क्षत्रिय  सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ के लिए अमरटापू धाम बना तीर्थ स्थल, सतनाम संदेश का कर रहे प्रसार : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

अमरटापू धाम परिसर का होगा सौंदर्यकरण, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की 50 लाख रुपए की घोषणा

लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज संत शिरोमणि परम पूज्य गुरु बाबा घासीदास जी की 269वीं की जयंती पर सेतगंगा, लालपुर धाम एवं मोतिमपुर अमरटापू धाम पहुंचे। श्री साव ने पावन अवसर पर जैत खाम में पालो चढ़ाकर बाबा घासीदास जी से आशीर्वाद लिया। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को गुरु घासीदास बाबा जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

श्री साव ने भक्त जनों को संबोधित करते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ के बड़े धाम के रूप में अमरटापू का विकास हो रहा है। अमरटापू धाम का इतना सुंदर दृश्य है, जिसकी प्रसिद्धि दिनों दिन बढ़ रही है। ये वास्तविक रूप से तीर्थ स्थल बन गया है। धाम बाबा के सत के संदेश को जन जन तक प्रसारित कर रहे हैं।

श्री साव ने इस अवसर पर अमरटापू धाम परिसर के विकास एवं सौंदर्यकरण के लिए 50 लाख रुपए की घोषणा की। वहीं मोतिमपुर तक सड़क निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा की। एक अन्य सड़क के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम में समाजसेवी  दुर्गा बघेल,छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज,पूर्व विधायक  चंद्रभान बारमते , लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष शसुजीत वर्मा , पूर्व विधायक  चुरावन मंगेशकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय,  देवचरण भास्कर ,  कृष्णा दुर्गा बघेल , जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर साहू ,  लक्ष्मीकांत भास्कर ,  दिनेश साहू,  उर्मिला यादव,  जागेश्वरी वर्मा , ताराचंद टंडन ,  विनय साहू, तरुण पाटले, जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं सामाजिक गण उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Latest