उपभोक्ता ने बिजली बिल को लेकर एसडीएम से की शिकायत


हरिपथ:पथरिया।19 सितंबर नगर पंचायत पथरिया के वार्ड क्रमांक 07 निवासी दिनेश कुमार प्रजापति ने स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली बिल में बढ़ोतरी एवं विद्युत कनेक्शन काटे जाने को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पथरिया के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की है। उपभोक्ता ने बिजली बिल की जांच कराने, पुराने नॉर्मल मीटर को दोबारा लगाने तथा विद्युत विभाग की कार्रवाई की जांच करने की मांग की है। मामले में एसडीएम रेखा चंद्रा ने संबंधित अधिकारी से जवाब मंगाकर जांच कराने की बात कही है।
शिकायतकर्ता दिनेश कुमार प्रजापति के अनुसार, अक्टूबर 2025 में उनके घर का पुराना बिजली मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगाया गया था। इसके बाद बिजली बिल की राशि 57,720 रुपये तक पहुंच गई। उपभोक्ता का कहना है कि विभागीय सहमति के आधार पर वह हर माह 5 हजार रुपये बिजली विभाग में जमा कर रहे थे। इसके बावजूद अगस्त 2026 में पुराने एवं वर्तमान बिल को मिलाकर करीब 38 हजार रुपये का बिल आने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सितंबर माह में भी करीब 9 हजार रुपये का बिजली बिल आया है। उनका आरोप है कि यह राशि घरेलू विद्युत खपत की तुलना में अधिक है। उन्होंने बिल की गणना एवं मीटर रीडिंग की जांच कराने की मांग की है।
दिनेश कुमार प्रजापति ने शिकायत में आरोप लगाया है कि अगस्त माह के बिजली बिल भुगतान की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 निर्धारित थी, लेकिन 24 अगस्त को ही उनके घर का विद्युत कनेक्शन ऑनलाइन काट दिया गया। विभागीय कर्मचारी से संपर्क करने पर रायपुर से ऑनलाइन डिस्कनेक्शन किए जाने की जानकारी मिलने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कनेक्शन दोबारा जोड़ने के लिए 15 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। उन्होंने विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई एवं दोबारा जोड़ने के लिए मांगी गई राशि की जांच कराने की मांग की है।
उपभोक्ता ने एसडीएम को दिए आवेदन में स्मार्ट मीटर को बदलकर पुराना नॉर्मल मीटर लगाने, बिजली बिल की जांच कर आवश्यक संशोधन करने तथा कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई की जांच करने का आग्रह किया है।
एसडीएम रेखा चंद्रा ने कहा कि शिकायतकर्ता से आवेदन प्राप्त हुआ है। संबंधित अधिकारी से जवाब मंगाया जाएगा। साथ ही मामले की जांच कराई जाएगी।