खुड़ियाजंगली जीवन्यूजबाघलोरमीवनविभागवनांचलवाइल्डलाइफ

कारीडोंगरी वनक्षेत्र में बाघिन ने किया,दो हरिणों का शिकार! वन विभाग ने क्षेत्र में किया अलर्ट

हरिपथ:लोरमी– 31 अक्टूबर, सामान्य वनक्षेत्र खुड़िया रेंज के कारीडोंगरी के जंगल मे एक बाघिन ने दो हिरणों का शिकार करने की जानकारी सामने आई है। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट कराने के साथ खोजबीन शुरु कर दी है।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम लोरमी क्षेत्र के खुड़िया वन परिक्षेत्र में कारीडोंगरी के पास पेट्रोलिंग करने वाले स्टाफ एक बाघिन का पग मार्क देखा। इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई। वहीं शाम को कारीडोंगरी से लगे कक्ष क्रमांक 494/95 के क्षेत्र में दो हिरण को मृत अवस्था में देखा गया, जिसके कारण बाघिन के हिरणों का शिकार करने की आशंका जताई गई। पग मार्क और शिकार हुए हिरणों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अफसरों ने स्टाफ को तत्काल निगरानी करने का आदेश जारी कर दिया है।

फिलहाल बाघिन की सूचना और पग मार्क मिलने के कारण पूरे एरिया में अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी जा रही है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो सके। वहीं बाघिन के पग मार्क या किसी तरह के अंदेशा होने पर तत्काल विभागीय स्टाफ एवं अधिकारियों को भी सूचित करें।

उप वनमंडलाधिकारी दशहंस सूर्यवंशी ने बताया कि कक्ष क्रमांक 494/95 में हिरणों का शिकार होने के साथ बाघिन के पग मार्क भी मिले हैं। स्टाफ ने देर रात और सुबह से दोपहर तक बाघिन की तलाश की, लेकिन बाघिन संभवतः अचानकमार टाइगर रिजर्व के जंगल में जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

वन परिक्षेत्र खुड़िया में बाघिन की उपस्थिति के संकेत, वन विभाग अलर्ट; ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत कारीडोंगरी परिसर के कक्ष क्रमांक 494 में बाघिन के पगमार्क पाए गए हैं। साथ ही, क्षेत्र में चीतल के शिकार के अवशेष मिलने से बाघिन की संभावित उपस्थिति के संकेत प्राप्त हुए हैं।

वनमंडलाधिकारी वनमंडल मुंगेली तन्मय कौशिक-वन विभाग द्वारा क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं तथा नियमित गश्ती एवं निगरानी की जा रही है।
वन विभाग द्वारा कारीडोंगरी, झालरी, दुल्लापुर, खुड़िया एवं कंसारी सहित आसपास के ग्रामों के ग्रामीणों से अपील की जाती है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें, मवेशियों को जंगल में चराने न ले जाएं तथा बाघिन अथवा उसके पगमार्क दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।
वन विभाग द्वारा वन्यजीव संरक्षण एवं ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। ग्रामीणजन घबराएं नहीं, सतर्क रहें एवं वन विभाग का सहयोग करें। 

Latest