क्राईम /पुलिसन्यूजपथरिया

नहर में युवक की संदिग्ध अवस्था मे लाश मिलने से सनसनी फैली!पुलिस जांच में जुटी

हरिपथ:पथरिया25 अगस्त थाना क्षेत्र के ग्राम पथरगढ़ी खार में सोमवार दोपहर नहर में डूबने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का शव नहर के पानी में डूबा हुआ मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी पथरिया पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया भेजा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विजय पाटले पिता पंचराम पाटले, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम पथरगढ़ी के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार को विजय अपनी पत्नी और भाभी के साथ खेत में निंदाई करने गया था। काम खत्म होने के बाद विजय दोनों से पहले अकेले घर जाने के लिए निकल गया। कुछ समय बाद उसकी पत्नी और भाभी भी घर पहुंचीं। घर पहुंचने पर परिजनों ने विजय के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह पहले ही घर के लिए निकल चुका है।

काफी देर तक विजय के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश में निकल गए। तलाश के दौरान पथरगढ़ी खार स्थित नहर में विजय पानी में डूबा हुआ मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।

सोमवार शाम होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस ने शव को मरचुरी में सुरक्षित रखवाया है,मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद आगे की जांच की जाएगी। घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी पवन कुमार देवागन ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संभावित युवक शौच के लिए नहर के पास गया था। प्रथम दृष्टया पैर फिसलने के कारण नहर के पानी में गिरने से उसकी मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Latest