पिकअप नहीं रोकने पर चालक के ऊपर चाकू से हमला! पुलिस ने किया जुर्म दर्ज

हरिपथ:पथरिया। 18 नवंबर नगर में चाकूबाजी की गम्भीर घटना सामने आई है। वाहन नही रोकने पर आरोपी ने चालक के ऊपर चाकूबाजी करते हुए घायल करने से हड़कम्प मच गया।
मंगलवार को नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित कन्या छात्रावास के पास एक बार फिर चाकूबाजी की घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पिकअप वाहन नहीं रोकने की बात पर नाराज होकर एक युवक ने दूसरे युवक के पेट में चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया ले जाया गया। पुलिस के अनुसार घायल युवक शिवम साहू पिता राधे साहू, निवासी चोरभट्टी पथरिया, पिकअप वाहन धुलवाने के युवक लिए नगर के अटल चौक के पास आया हुआ था। वाहन धुलवाने के बाद वह पिकअप को लेकर वार्ड में वाहन मालिक के घर खड़ा करने जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे वार्ड क्रमांक 15 स्थित कन्या छात्रावास के पास आरोपी युवक हेमंत पाटले उर्फ छोटू, निवासी चोरभट्टी पथरिया ने पिकअप को हाथ मारकर रुकने का इशारा किया। लेकिन शिवम ने वाहन रास्ते में नहीं रोका। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने शिवम के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।