
हरिपथ:लोरमी। 25 नवम्बर उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने बुधवार को ग्राम देवरहट क्षेत्र के परिवारजनों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। श्री साव क्षेत्र के गांवों में अपने परिवारजनों के बीच पहुंचे और उनके साथ जन्मदिवस की खुशियां साझा की। इस दौरान उन्होंने सभी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इससे पहले सुबह रतनपुर में मां महामाया मंदिर, श्री सिद्धि विनायक मंदिर एवं भैरो बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। वहीं कोटा और तखतपुर में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। नगर पंचायत जरहागांव और बरेला में जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
*कोटा नगर पालिका में 1.98 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन*

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में नाली एवं सीसी रोड निर्माण शामिल हैं। इसके साथ ही कन्या शाला में मंच एवं शेड तथा डीकेपी शाला में शेड का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से नगर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। विद्यार्थियों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
*तखतपुर में 4.65 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की रखी आधारशिला*

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने तखतपुर के राम सदन में आयोजित समारोह में 4.65 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय भवन का निर्माण तथा तखतपुर-बरेला के मध्य मनियारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा।
*सर्व समाज एवं जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय अभिनंदन*
तखतपुर में सर्व समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उप मुख्यमंत्री श्री साव का अभिनंदन कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। नगर पंचायत बरेला में भी सर्व समाज के लोगों ने आत्मीय स्वागत कर उन्हें स्नेह और आशीर्वाद दिया। वहीं नगर पंचायत जरहागांव के जनप्रतिनिधियों ने अभिनंदन कर शुभकामनाएं दी। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पार्षदों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी उनसे भेंटकर जन्मदिन की बधाई दी। श्री साव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों से मिला प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करता है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने देवरहट में कहा कि आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं। आपके साथ हरेली, होली, दीपावली और विजयादशमी जैसे सभी त्योहार मनाते हैं। आप सभी का प्यार और अपनापन ही मेरी ताकत है। इससे मुझे ऊर्जा मिलती है। जब हम सब मिलकर त्योहार मनाते हैं, तो खुशियां दोगुनी हो जाती हैं। उन्होंने स्नेह एवं आशीर्वाद के लिए समस्त परिवारजनों, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
*लोक गायिका अलका चंद्राकर की प्रस्तुति ने बांधा समां*
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के जन्मदिवस पर ग्राम देवरहट में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर एवं उनके फुलवारी लोक कला मंच की सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित की गई। लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। उन्होंने सेवा जोहार-जोहार और सुवा लहकत हे डाल में जैसे अनेक लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोना, भठल कला, सेमरसल, तेलीयापुरान, कुम्हरौली, मोहतरा कुर्मी, देवरहट, हड़गांव, औराबांधा, धोबघट्टी, लखनपुर सेमरिया सहित अन्य गांवों में ग्रामीणों ने केक काटकर जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक श्री साव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह, गुरमीत सलूजा, दिनेश साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष ज्ञानेश्वर सिंह, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव, दिनेश कश्यप, राजेन्द्र साहू, रवि शर्मा, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
तखतपुर में कन्या महाविद्यालय भवन और मनियारी नदी पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया भूमिपूजन
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिवस के विशेष अवसर पर तखतपुर और कोटा नगर पालिका को 6.63 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपए और तखतपुर में 4.65 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास को गति मिलेगी।

तखतपुर के राम सदन में आयोजित कार्य प्रारंभ समारोह में श्री साव ने शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय भवन निर्माण तथा तखतपुर-बरेला के मध्य मनियारी नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कन्या महाविद्यालय भवन बनने से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं मनियारी नदी पर पुल निर्माण से आवागमन सुगम होगा और आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि जन्मदिवस के अवसर पर तखतपुर क्षेत्र एवं कोटा नगर के सर्व समाज, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजनों ने नागरिक अभिनंदन कर जो स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया है, वह उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्री साव ने नगर पालिका कोटा में 1.98 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया। इस राशि से नगर में नाली एवं सीसी रोड निर्माण के साथ कन्या शाला में मंच एवं शेड तथा डीकेपी शाला में शेड का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से नगरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्कूली विद्यार्थियों को भी सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में कोई भी गांव और शहर विकास से अछूता नहीं रहा है। तखतपुर क्षेत्र और कोटा नगर के विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि तखतपुर में बीते तीन वर्षों के दौरान 60 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य की स्वीकृत हुई हैं। आने वाले समय में इन कार्यों से शहर की सुंदर तस्वीर देखने को मिलेगी।
……. ……