

हरिपथ:लोरमी– 1 अगस्त सुदूर वनाचंल क्षेत्र महुआमाचा में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की हत्या के मामले में हत्या में प्रयुक्त धारदार टंगिया के साथ आरोपी झंगलु बैगा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज गया।

आरोपी झगलु बैगा पिता अनरु उम्र 57 वर्ष निवासी ग्राम मौहामाचा ने गांव के ही सतलु बैगा पिता स्वर्गीय पुशऊ बैगा उम्र 48 वर्ष की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी बिशनू बैगा, निवासी ग्राम मौहामाचा, चौकी खुड़िया, द्वारा 30 जुलाई को खुड़िया चौकी उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका सगा भतीजा सतलू बैगा पिछले लगभग एक वर्ष से मानसिक रूप से अस्वस्थ था तथा गांव में इधर-उधर घूमता रहता था। वह ग्रामीणों के घरों में जाकर भोजन मांगकर खा लेता था तथा कई बार लोगों से शराब भी मांगकर पी लिया करता था।
शुक्रवार 30 जुलाई को प्रातः लगभग 4 बजे सतलू बैगा ग्राम के झंगलू बैगा के घर पहुंचा और उसकी पत्नी चैती बाई का हाथ पकड़कर भोजन मांगने लगा। इसी दौरान झंगलू बैगा ने अपनी पत्नी का हाथ पकड़ने की बात से आक्रोशित होकर घर में रखे धारदार लोहे के टंगिया से सतलू बैगा के सिर एवं गर्दन पर प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक का शव आरोपी के घर के आंगन में पड़ा मिला।

सूचना पर चौकी खुड़िया पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी झंगलू बैगा पिता अंधरू बैगा, उम्र 57 वर्ष, निवासी मौहामाचा, चौकी खुड़िया, थाना लोरमी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य एवं हत्या का मामला पाए जाने पर अपराध क्रमांक 317/2026, धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त धारदार टंगिया प्रस्तुत किया, जिसे विधिवत गवाहों के समक्ष जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 1 अगस्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, प्राप्त निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में चौकी खुड़िया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर कार्यवाही किया गया।
उक्त कार्यवाही मे उपनिरी. गणपति राव (थाना लोरमी), सउनि दिलीप प्रभाकर (चौकी प्रभारी खुड़िया), रामकुमार मार्को, संदीप रात्रे, विरेन्द्र राजपूत, परमेश्वर वर्मा की भूमिका रही।