कलेक्टर की पहल◆मिशन 90 प्लस अभियान: केन्द्रीय राज्य मंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं विधायक स्कूलों में करेंगे शिक्षा गुणवत्ता का अवलोकन…

हरिपथ;मुंगेली, 19 अगस्त मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान अंतर्गत जिले में कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में ‘‘मिशन 90 प्लस परीक्षा परिणाम उन्नयन कार्यक्रम’’ प्रारंभ किया गया है। इस पहल का उद्देश्य शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना तथा बोर्ड परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार लाना है।
केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधियों को स्कूलों का चयन कर शिक्षा गुणवत्ता की दिशा में सहयोग करने की अपील की गई है। ये सभी जनप्रतिनिधि चयनित स्कूलों का समय-समय पर दौरा कर न केवल शिक्षा गुणवत्ता का जायजा लेंगे, अपितु बच्चों को परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने एवं लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने प्रेरित एवं प्रोत्साहित करेंगे। जनप्रतिनिधियों की इस सक्रिय भागीदारी से शिक्षा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंतेली, उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोड़खाम्ही, विधायक मुंगेली पुन्नूलाल मोहले द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर, विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुनचुनिया का चयन किया गया है। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, सभी जिला पंचायत सदस्यों तथा तीनों विकासखण्डों के जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने भी विद्यालयों का चयन कर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज की है।
यह पहल मुंगेली जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम है। इस अभियान के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन, शैक्षिक संसाधन एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार लाकर 90 प्रतिशत से अधिक सफलता दर के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा।