छत्तीसगढ़प्रशासनिक खबरमुंगेली

जिले के 105 केन्द्रों में 01 नवंबर से होगी धान खरीदी , बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने दिए निर्देश~कलेक्टर

हरिपथमुंगेली– 12 अक्टूबर जिले के सभी 105 केन्द्रों में 01 नवंबर से धान की खरीदी होगी। धान खरीदी के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री राहुल देव ने जिला कलेक्टोरेट में स्थापित कमाण्ड रूम में नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी जीरो प्रतिशत शार्टेज का लक्ष्य पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी केन्द्रों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था, धान के सुरक्षित रख-रखाव, किसानों का पंजीयन, नमी मापक यंत्र, कांटा बांट, कम्प्यूटर, बिजली, बैठक व्यवस्था, पेयजल, छाया आदि व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सहायक पंजीयक को किसान पंजीयन का कार्य 03 दिन में पूरा करने एवं उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी प्रभारी तथा बारदाना प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी की जिम्मेदारी खाद्य अधिकारी की है उन्होंने सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं से समन्वय बनाकर इस कार्य को गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न कराने के लिए कहा तथा धान खरीदी से जुड़े कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर जोर देते हुए उन्हें साफ्टवेयर एवं विंडो की जानकारी प्रदान करने के भी निर्देश दिए।

खुलेंगे नये धान खरीदी केंद्र-खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 99 हजार 669 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है तथा इस वर्ष 04 लाख 80 हजार 754 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि मोतिमपुर, धपई, कोना तथा औंराबांधा में नवीन धान खरीदी केन्द्रों में भी तैयारियां चल रही हैं। जल्द ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएंगी।

बैठक में अपर कलेक्टर विजेन्द्र सिंह पाटले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!