विद्युत तार की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, पुलिस जांच में जुटी..

हरिपथ:पथरिया। 26 नवम्बर सरगांव थाना अंतगर्त ग्राम बिदबिदा में गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे बिजली तार के संपर्क में आने से गांव के बुजुर्ग जेठू राम राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए गांव की जर्जर बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जेठू राम राजपूत ग्राम बिदबिदा में ट्रांसफार्मर के पास बिजली तार के संपर्क में आ गए, जिससे करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा सरगांव पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव भेजा गया।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जर्जर विद्युत लाइन एवं बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विद्युत विभाग को कई बार आवेदन देकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक लाइन व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली व्यवस्था की अनदेखी के चलते एक बुजुर्ग ग्रामीण को अपनी जान गंवानी पड़ी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से गांव की जर्जर बिजली लाइन को तत्काल दुरुस्त करने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है तथा आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।