क्राईम /पुलिसन्यूजपथरिया

बुजुर्ग महिला की गला रेत कर निर्मम हत्या,पुलिस जाँच में जुटी

हरिपथ:पथरिया-28 सितंबर ग्राम उमरिया में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला  सामने आया है। घटना की जानकारी रविवार सुबह ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि ग्राम उमरिया निवासी सोनकलिया बाई डहरिया 65 वर्ष  पति स्व. गोफेलाल डहरिया अपने बेटे के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि उनका बेटा करीब चार दिन पहले अपने रिश्तेदार के यहां गया था। इस दौरान घर में बुजुर्ग महिला अकेली थी। शनिवार 26 सितंबर की बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। रविवार सुबह लोगों ने महिला को घर के कमरे में मृत अवस्था में देखा। कमरे और आसपास खून के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पथरिया लाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य आवश्यक सैंपल जुटाए। वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से भी आरोपी तक पहुंचने के लिए सुराग तलाशे गए।

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

थाना प्रभारी पवन कुमार देवांगन ने बताया कि क्षेत्र में एक महिला की गला रेतकर हत्या की घटना हुई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Latest