बान्धा में मृतक परिवार से केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू और विधायक धर्मजीत सिंह के पहल से 6 लाख की सहायता..



हरिपथ:बिलासपुर/तखतपुर-28 अगस्त ग्राम बांधा निवासी धरमजीत पिता राजेन्द्र धृतलहरे (उम्र लगभग 25 वर्ष) की हिंसक वन्यप्राणी के हमले में हुई दर्दनाक मृत्यु पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू तथा विधायक धर्मजीत सिंह ने गहरा दुःख व्यक्त किया।


दोनों जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद ₹25,000 की अग्रिम सहायता TCF से प्रदान की गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद ₹5.75 लाख की शेष सहायता भी परिवार को प्रदान की जाएगी। इस प्रकार पीड़ित परिवार को कुल ₹6 लाख की आर्थिक सहायता मिलेगी।


घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दिल्ली से संबंधित अधिकारियों को तत्काल पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, विधायक धर्मजीत सिंह ने भी संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की। ग्राम बांधा पहुंचकर तोखन साहू एवं विधायक धर्मजीत सिंह ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और व्यकतिगत रूप से भी आर्थिक सहयोग किये। दोनों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुःख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर हैं।

तोखन साहू ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। विधायक धर्मजीत सिंह ने भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।