


हरिपथ:लोरमी। 24 अगस्त मनियारी नदी में लगातार बढ़े जलस्तर के कारण कारीडोंगरी पुलिया के ऊपर से करीब एक से डेढ़ फीट पानी बह रहा है। वनांचल क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने के चलते प्रशासन ने एहतियातन आवागमन बंद कर दिया है। इसके बावजूद कुछ लापरवाह राहगीर जान जोखिम में डालकर पुलिया पार करने का प्रयास कर रहे हैं।


पुलिया पर पानी का बहाव होने के बावजूद लोग बाइक लेकर निकल रहे हैं। वहीं कुछ लोग पैदल पानी के बीच पहुंचकर बाढ़ का सेल्फी और वीडियो बनाने में जुटे हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। नदी और पुलिया में पानी का बहाव अचानक बढ़ने की स्थिति में राहगीरों के बह जाने का खतरा भी बना हुआ है।


प्रशासन की अपील— प्रशासन ने बंद मार्ग का बोर्ड लगाकर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिया को बंद किया गया है, ताकि किसी तरह की जनहानि नही हो। बावजूद इसके लोग सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी का बहाव कम होने तक पुलिया के पास न जाएं और किसी भी स्थिति में बाइक या पैदल पुलिया पार करने का जोखिम न उठाएं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ के दौरान पुलिया पर सेल्फी लेने और पानी के बीच जाने की होड़ बेहद खतरनाक है। लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
एसडीओपी माधुरी धिरही ने कहा कि प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाया गया है,फिर पुलिस कोटवार के माध्यम से बाढ़ में पुलिया पार नही करने हिदायत दे रही है।