क्राईम /पुलिसजुनापारा चौकीन्यूजलोरमीवाहन

लूट की नीयत से प्रेस क्लब अध्यक्ष की कार पर पथराव कर किया क्षतिग्रस्त…

हरिपथ:लोरमी31 जुलाई कोटा मार्ग पर गुरुवार देर रात हुई एक गंभीर घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोरमी प्रेस क्लब अध्यक्ष सतीश मिश्रा की कार पर अज्ञात लोगों द्वारा कथित रूप से लूट की नीयत से पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में सतीश मिश्रा, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत जूनापारा पुलिस चैकी में दर्ज कराते हुए आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा आम राहगीरो की सुरक्षा के लिए इस मार्ग पर रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेस क्लब अध्यक्ष सतीश मिश्रा 30 जुलाई की रात अपने परिवार के साथ बिलासपुर से लोरमी लौट रहे थे। वेन्यू कार क्रमांक सीजी 04 एन के 5111 उनका पुत्र विशाल मिश्रा चला रहा था। रात लगभग 10ः30 बजे जब वे ग्राम लोकबंद के पास पहुंचे, तब सड़क पर बड़ी संख्या में मवेशियों का झुंड होने के कारण वाहन की रफ्तार काफी धीमी थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रोकने पर आरोपियों ने हाथ में रखे पत्थर से चालक की ओर हमला कर दिया। पत्थर कार के चालक साइड के शीशे से टकराया, जिससे शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस हमले से वाहन में सवार पूरा परिवार घबरा गया, लेकिन चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन नहीं रोका और सीधे लोरमी पहुंचकर परिवार की जान बचाई। घटना के दूसरे दिन विशाल मिश्रा ने जूनापारा पुलिस चैकी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की शीघ्र पहचान की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उल्लेखनीय है कि कोटा-लोरमी मार्ग पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। गोबरीपाठ, अमलीकापा, लोकबंद, बांधा सहित कई गांवों के बीच का यह इलाका पूर्व में भी लूट और राहगीरों को डराने-धमकाने जैसी घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है। असामाजिक तत्व सुनसान और अंधेरे का फायदा उठाकर राहगीरों को निशाना बनाते हैं। इस कारण रात के समय इस मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है। यह मार्ग बिलासपुर और लोरमी के बीच व्यापारिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी भी इसी सड़क से आवागमन करते हैं। कई व्यापारी व्यापारिक कार्य और वसूली के बाद रात में इसी मार्ग से वापस लौटते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं न केवल आम नागरिकों बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती हैं। लोगो ने ग्राम बांधा से गोबरीपाठ तक पूरे संवेदनशील क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


बिलासपुर से लोरमी तक सड़को में मवेशियो का रहता है जमावड़ा इस घटना ने सड़क पर मवेशियों की समस्या को भी एक बार फिर उजागर कर दिया है। बिलासपुर-लोरमी मार्ग पर रात के समय बड़ी संख्या में मवेशी सड़क के बीच बैठे रहते हैं, जिससे वाहन चालकों को मजबूरन गति धीमी करनी पड़ती है। ऐसी स्थिति का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व अपराध को अंजाम देने का प्रयास कर सकते हैं। सड़क पर मवेशियों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों की मांग है कि इस मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सड़क से मवेशियों को हटाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए, तो ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल जुनापारा चौकी प्रभारी संजीव ठाकुर ने मामले की जांच में जुटी गई है।

Latest