प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा का दौरा:एटीआर और खुड़िया में पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं के कौशल उन्नयन,शिक्षा,स्वास्थ्य एवँ मूलभूत सुविधाओं पर जोर..चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं…

हरिपथ:लोरमी-27 मई प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अचानकमार क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले अचानकमार क्षेत्र स्थित शिवतराई सभाकक्ष में पीएम जनमन, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। प्रमुख सचिव ने पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए एटीआर क्षेत्र में होम-स्टे सुविधा विकसित करने तथा खुड़िया में पर्यटन की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही आदिवासी युवाओं को टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने संबंधी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि अचानकमार क्षेत्र में पर्यटन, शिक्षा और कौशल विकास की व्यापक संभावनाएं हैं, जिनका बेहतर उपयोग कर स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सकता है।

सचिव श्री बोरा ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण से भी जोड़ा जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। पीएम जनमन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ योजनाओं से लाभान्वित करने तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत आश्रम एवं छात्रावासों में मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ने आगामी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले सभी स्कूलों और छात्रावासों में आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में प्रस्तावित विस्थापन की प्रगति, पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आवास, पेयजल और अन्य योजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख सचिव ने मोबाइल मेडिकल यूनिट, आंगनबाड़ी सेवाओं एवं पीवीटीजी बैगा समुदायों तक स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य शासकीय सुविधाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता का सर्वे कर विभिन्न योजनाओं का सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सचिव श्री बोरा ने कहा कि पीवीटीजी बैगा समुदाय में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने की है। इसके लिए अचानकमार क्षेत्र में लाइब्रेरी सुविधा विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पीएम जनमन आवास हितग्राही से मुलाकात कर ली योजनाओं से लाभ की जानकारी– प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत शिवतराई पहुंचकर पीएम जनमन योजना के तहत संचालित गतिविधियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीवीटीजी परिवारों से संवाद कर शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और लाभ की वास्तविक स्थिति जानी। प्रमुख सचिव श्री बोरा ने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही रामसिंह बैगा से मुलाकात कर उन्हें मिल रही शासकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए हितग्राही से सीधे फीडबैक प्राप्त किया।

इस दौरान रामसिंह बैगा ने स्वयं सर्वे सेतु पीवीटीजी परिवार सर्वे कार्यक्रम का बटन दबाकर प्रक्रिया में सहभागिता निभाई। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें जरूरी दस्तावेजों और मूलभूत सुविधाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। रामसिंह बैगा ने पीएम जनमन योजना के तहत पक्का आवास मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कच्चे घर और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण काफी परेशानियां होती थीं, लेकिन अब पक्का आवास मिलने से परिवार को सुरक्षित और बेहतर जीवन मिला है।

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीवीटीजी परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाया जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सतत अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने पीएम जनमन योजना, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रमुख सचिव को दी।

पीएम जनमन योजना से जनजातीय परिवार को मिला पक्के घर का सपना; प्रमुख सचिव श्री बोरा ने हितग्राही मुन्नीबाई को सौंपी आवास की चाबी
प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बुधवार को लोरमी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकमार के ग्राम शिवलखार पहुंचकर पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही परिवार से मुलाकात की और हितग्राही मुन्नीबाई को नए पक्के आवास की चाबी सौंपकर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान प्रमुख सचिव ने हितग्राही परिवार से आत्मीय संवाद करते हुए शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले पात्र परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाए।

प्रमुख सचिव श्री बोरा ने कहा कि पीएम जनमन योजना जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। हितग्राही श्रीमती मुन्नीबाई ने पक्का आवास मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले कच्चे मकान में बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब नए पक्के घर से परिवार को सुरक्षा और सम्मान का एहसास हुआ है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत क्षेत्र में संचालित कार्यों और हितग्राहियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी प्रमुख सचिव को दी।

जमीन पर बैठकर सुनी अचानकमार क्षेत्र के लोगों की फरियाद;प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने चौपाल लगाकर जमीनी हकीकत की पड़ताल, मौके पर दिए समाधान के निर्देश…
लोरमी क्षेत्र के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में शासन की संवेदनशीलता और जनसरोकारों का प्रेरणादायी दृश्य उस समय देखने को मिला, जब प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, कलेक्टर कुन्दन कुमार ग्राम शिवलखार पहुंचे और जमीन पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। वनांचल के ग्रामीणों से हुए इस आत्मीय संवाद ने प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी को पूरी तरह कम कर दिया। प्रमुख सचिव ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनी तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख सचिव के समक्ष रखीं। प्रमुख सचिव श्री बोरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वनांचल क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुंच प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए तथा जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। आवास योजना से संबंधित एक ग्रामीण महिला की शिकायत पर प्रमुख सचिव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इस दौरान प्रमुख सचिव ने मोबाइल मेडिकल यूनिट का अवलोकन भी किया और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार, एसएसपी भोजराम पटेल, डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम अजीत पुजारी,सीईओ सुरेश कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं सरपंच सचिव सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।