उचित मूल्य दुकान में अनियमितता पर प्रशासन की कार्रवाई..

हरिपथ:लोरमी-23 मई ग्राम साल्हेघोरी( रैतरा) की शासकीय उचित मूल्य दुकान में गबन प्रकरण और निलंबन के संबंध में खाद्य विभाग ने वास्तविक स्थिति देते हुए बताया कि, मां सरस्वती महिला स्व सहायता समूह द्वारा कुल 403.28 क्विंटल चावल, 10.38 क्विंटल शक्कर तथा 9.51 क्विंटल नमक की अफरा-तफरी कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।

खाद्य अधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त 2025 के पूर्व उक्त राशन दुकान का संचालन मां सरस्वती महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। विभागीय भौतिक सत्यापन के दौरान विभिन्न वर्षों में खाद्यान्न की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सितंबर 2022 के सत्यापन में दुकान में 88.76 क्विंटल चावल, 5.14 क्विंटल शक्कर तथा 5.28 क्विंटल नमक कम पाया गया था, जिसकी कुल आर्थिक राशि 3लाख 62 हजार 454 रुपएं आंकी गई। इस संबंध में समूह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, किंतु राशि शासन खाते में जमा नहीं की गई। इसी प्रकार मार्च 2024 के भौतिक सत्यापन में 242.27 क्विंटल चावल, 3.70 क्विंटल शक्कर एवं 3.22 क्विंटल नमक कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 56 हजार रुपये से अधिक बताई गई। विभाग द्वारा राशि जमा कराने हेतु मांग पत्र जारी किया गया, लेकिन राशि जमा नहीं होने पर तहसीलदार लोरमी को भू-राजस्व बकाया की तरह वसूली कार्रवाई प्रारंभ करने पत्र भेजा गया। मार्च 2025 के सत्यापन में भी 48.32 क्विंटल चावल की कमी पाए जाने पर संबंधित समूह के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा 14 अगस्त 2025 को दुकान संचालन का आवंटन निलंबित कर दिया गया।