निरीक्षणनिर्माण कार्यन्यूजप्रशासनिक खबरयोजनाराजस्व विभागलोक निर्माण विभागलोरमीविकास कार्यसड़कस्वास्थ्य विभाग

लोरमी क्षेत्र में कलेक्टर दौरा: विभिन्न निर्माण कार्य ,कन्या छात्रावास एवं सीएचसी सेंटर, सीसीटीवी का जायजा , अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश…

हरिपथ:लोरमी20 मार्च जिला कलेक्टर कुंदन कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ग्राम चंदली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने औषधि भंडार कक्ष, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष, महिला वार्ड एवं प्रसव कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। कलेक्टर ने एएनसी सहित विभिन्न पंजियों एवं ऑनलाइन डेटा के संधारण की समीक्षा करते हुए उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटीवेनम एवं रेबीज टीकों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक दवाओं और टीकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गर्मी में हीट वेव को देखते हुए आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

     निरीक्षण के दौरान सीबीसी मशीन की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने इसे शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही ईडीडी एवं संस्थागत प्रसव से संबंधित आंकड़ों की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं मिलना आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) को सभी पीएचसी एवं सीएचसी की ब्लॉकवार नियमित मॉनिटरिंग कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके। 

कलेक्टर ने लोरमी में विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर, अधूरे कार्य जल्द पूर्ण करने निर्देश.. 

लोरमी- क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नालंदा परिसर के लिए चिन्हांकित स्थल का अवलोकन करते हुए प्रस्तावित निर्माण के बिल्डिंग एलिवेशन एवं लेआउट का अवलोकन किया। उन्होंने प्रवेश द्वार, मुख्य भवन, गार्डन एवं पार्किंग व्यवस्था के लेआउट की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर सिटीजन इंफॉर्मेशन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

        कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान लोरमी स्थित आत्मानंद स्कूल का भी जायजा लिया। उन्होंने सीएम के आगामी दौरे को ध्यान में रखते हुए अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा भवन निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा कलेक्टर ने लोरमी फोरलेन पर निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने और समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कलेक्टर ने कोटा-लोरमी-पंडरिया फोरलेन परियोजना का भी निरीक्षण कर ड्राइंग-डिजाइन का अवलोकन किया। उन्होंने सड़क की लंबाई एवं चौड़ाई की जानकारी ली। 

इस दौरान संबंधित एसडीओ प्रवीण शुक्ला ने बताया कि सड़क लोरमी से गोड़खाम्ही तक निर्मित की जाएगी। कलेक्टर ने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में आवश्यक साइनएजेज लगाने के निर्देश देते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सीसीटीवी, महिला गार्ड व भोजन गुणवत्ता का जायजा

लोरमी स्थित कन्या छात्रावास  निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, महिला गार्ड सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्राओं से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता एवं मेनू के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़े। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला छात्रावास में पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। 

       कलेक्टर ने आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए छात्रावास में पुलिस के महत्वपूर्ण संपर्क नंबर प्रदर्शित करने तथा छात्रावास अधीक्षक का नंबर संबंधित थाने में पंजीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से उनकी शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि बेहतर शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए शिक्षा का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने छात्राओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

इस दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, एसडीएम  अजीत पुजारी, आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त  शिवकुमार बांधे, सीएमएचओ डॉ. शीला साहा, बीएमओ डॉ जीएस दाऊ,पीडब्ल्यूडी एसडीओ प्रवीण शुक्ला,इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

error: Content is protected !!
Latest