चोरी का खुलासा: पुलिस ने चार आरोपियों को सोने चांदी के आभूषण सहित किया गिरफ्तार



हरिपथ:पथरिया-11 सितंबर ग्राम बगबुडवा में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 नग सोने के लॉकेट, एक नग चांदी की सकरी और 16,500 रुपये नगद समेत कुल 64,500 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बगबुडवा निवासी दिलहरण मरावी ने 10 सितंबर को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर आलमारी में रखे 7 नग सोने के लॉकेट और एक चांदी की सकरी तथा गुल्लक में रखी 27 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।,

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बगबुडवा निवासी ईश्वर मरावी चोरी का सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी कैप खान, सुभान खान और अशरफ खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।इसके बाद पुलिस ने तीनों अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों के कब्जे से ईश्वर मरावी के पास से 3 सोने के लॉकेट और 13 हजार रुपये, कैप खान से 4 सोने के लॉकेट, सुभान खान से चांदी की सकरी तथा अशरफ खान से 3,500 रुपये नगद बरामद किए गए। इस तरह कुल 64,500 रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी ईश्वर मरावी (18), कैप खान (24), सुभान खान (20) और अशरफ खान (19), सभी निवासी बगबुडवा, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन, प्रधान उप निरीक्षक योगेश कुमार भट्ट, भारती मरकाम सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।