न्यूजपुलिसमुंगेलीसमीक्षा बैठक

लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने एसएसपी भोजराम पटेल ने ली समीक्षा बैठक।

हरिपथ:मुंगेली- (फलित जांगणे)23 अक्टूबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा जिला मुंगेली के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  भोजराम पटेल ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित समन एवं वारंट की तामीली सुनिश्चित करने, निगरानी एवं गुंडा-बदमाशों की नियमित जांच करने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार जिला बदर की कार्यवाही करने तथा अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध बाउंड ओवर की प्रक्रिया पूर्ण करने पर जोर दिया।

एसएसपी श्री पटेल ने गुम बालक-बालिकाओं की तलाश को प्राथमिकता देने तथा महिला एवं बच्चों से संबंधित शिकायतों में नियमानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन ठगी के मामलों में नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्यवाही करने तथा सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए सख्त निर्देश दिए।

साइबर ठगी के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि ठगी के शिकार पीड़ितों एवं प्रार्थियों से समन्वय स्थापित कर होल्ड कराई गई राशि वापस दिलाने के लिए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही की जाए। साथ ही, विवेचना में लंबित ई-साक्ष्यों का त्वरित निराकरण कर प्रकरणों की जांच में तेजी लाई जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी एवं विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करें।

बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के अंतर्गत विवेचना की गुणवत्ता बेहतर बनाने के उद्देश्य से एडीपीओ श्रीमती जायिता सिंह द्वारा उपस्थित थाना-चौकी प्रभारियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने नवीन कानूनों के अनुरूप विवेचना की प्रक्रिया एवं आवश्यक कानूनी प्रावधानों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।

जिला मुंगेली पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण तथा आम नागरिकों को प्रभावी एवं त्वरित न्याय दिलाने के लिए सतत कार्यवाही की जा रही है।

Latest