क्राईम /पुलिसन्यूजपथरिया

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, युवक गिरफ्तार

हरिपथ:पथरिया– 11 सितंबर  शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने ग्राम बेड़ाकापा निवासी 25 वर्षीय युवक प्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकरी के अनुसार बुधवार को थाना क्षेत्र की एक युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि प्रकाश वर्मा ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। युवती के अनुसार, जब वह आरोपी से शादी करने की बात कहती थी, तो वह किसी न किसी बहाने से बात को टाल देता था।

काफी समय तक शादी की बात टलने के बाद युवती ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और उनके साथ थाना पथरिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी युवक की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया और थाने लाकर पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया।

थाना प्रभारी पवन कुमार देवागन ने बताया कि मामले की विवेचना नियमानुसार जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Latest