अचानकमारजंगली जीवतखतपुरन्यूजबाघलोरमीलोरमी (एटीआर)वनविभागवनांचलवाइल्डलाइफ

बांधा के आसपास हिंसक जीव और शावकों के पंजों के निशान! ग्रामीणों में दहशत!


हरिपथ: लोरमी/तखतपुर। 27 अगस्त  बुधवार को बांधा गांव के आसपास अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीणों ने मादा हिंसक वन्यजीव और उसके शावकों के पंजों के ताजा निशान देखे हैं। इससे क्षेत्र में एक बार फिर भय का माहौल बन गया है।


ग्रामीणों के अनुसार, बांधा और जोगीपुर के बीच कई स्थानों पर पंजों के निशान दिखाई दिए हैं। निशान ताजा होने के कारण ग्रामीणों का अनुमान है कि मादा वन्यजीव अपने शावकों के साथ जोगीपुर से बांधा के बीच के जंगल क्षेत्र में विचरण कर रही है और संभवतः आसपास ही अपना ठिकाना बनाए हुए है।


सोमवार की सुबह जोगीपुर बीट के जंगल क्षेत्र में बाघ के हमले में 22 वर्षीय धर्मजीत की मौत की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत अभी कम नहीं हुई है। बाघ के हमले से युवक की मौत के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों के लोग पहले से ही भयभीत हैं। अब हिंसक जीव और शावकों के पंजों के निशान मिलने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल निगरानी बढ़ाने, वन अमले की गश्त कराने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग द्वारा समय रहते सतर्कता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि जंगल क्षेत्र में जाने वाले लोगों को वन्यजीवों से खतरा न हो और सोमवार जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
अलग-अलग स्थानों पर पंजों के निशान मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

एटीआर फारेस्ट एसडीओ समीर जोनाथन ने कहा कि वायरल फोटो वीडियो देखने के बाद कुछ कहा जा सकता है।विभाग एलर्ट पर है।

Latest