CG-Newsग्राम पंचायतजलभरावतखतपुरन्यूजबिलासपुरहादसा

घोंघा नदी हादसा मामला:तीन मासूमो की शव बरामद! दो भाइयों के तीन बच्चे की मौत से गाँव मे छाया मातम..

हरिपथ:तखतपुर ( टेकचंद कारड़ा) अगस्त क्षेत्र के ग्राम समडील में घोंघा नदी में बहने वाले तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौटते समय तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे। हादसे के बाद कल शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।

जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे नदी में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शनिवार की शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में बच्चों की तलाश कर रही थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव घटना दिनांक को ही बरामद कर लिया गया था।

इसके बाद दो अन्य लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने रातभर अभियान जारी रखा। रविवार की सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही घोंघा नदी हादसे में लापता तीनों मासूम बच्चों की तलाश पूरी हो गई।

बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही घर के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस दर्दनाक हादसे से गहरे सदमे में हैं।
मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल कक्षा केजी-2, स्तुति जायसवाल कक्षा तीसरी और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ती थी। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Latest