एटीआर वनांचल क्षेत्र में जंगली भालू का हमला: युवक गंभीर घायल..जिला अस्पताल में भर्ती

हरिपथ:लोरमी-16 जुलाई अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) के सुदूर वनांचल क्षेत्र में एक जंगली भालू के हमले की घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत लमनी के आश्रित ग्राम छिरहट्टा निवासी राकेश कुमार बैंगा पर घर लौटते समय जंगली भालू ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए गौरेला के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देरशाम राकेश कुमार बैंगा किसी कार्य से लमनी आया था, लौटकर अपने गांव जा रहे थे, इसी दौरान लमनी के पास जंगल क्षेत्र में अचानक एक जंगली भालू सामने आ गया। इससे पहले कि वह संभल पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गौरेला के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में भोजन की तलाश में जंगली जानवर अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास पहुंच जाते हैं, जिससे ग्रामीण के साथ मुठभेड़ हो जाते है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, लोगों को सतर्क करने तथा वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।


वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि जंगल से लगे क्षेत्रों में अकेले आवागमन करने से बचें तथा जंगली जानवर दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। वहीं, घायल के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।