
हरिपथ:लोरमी-17 जून सामान्य वन परिक्षेत्र के चंदुपारा बीट अंतर्गत कंचनपुर बेरियर से लगभग 200 मीटर दूर सामान्य जंगल में एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वनक्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे कंचनपुर बेरियर के चौकीदार ने तेंदुए का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और रातभर शव की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले क्षेत्र में दो तेंदुओं के आपस में लड़ने जैसी तेज आवाजें सुनाई दी थीं। ग्रामीणों की आशंका है कि आपसी संघर्ष में नर तेंदुए की मौत हुई हो सकती है। हालांकि वन विभाग ने मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कानन पेंडारी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
उपवनमंडलाधिकारी दशांश सूर्यवंशी का कहना है, कि ग्रामीणों दो तेंदुए की भीषण लड़ाई की आवाज सुने है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।