कलेक्टर ने लोरमी क्षेत्र में पर्यटन विकास पर लिया अहम बैठक: प्रस्तावित उद्यान का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को सुगम एवं पार्किंग के लिए दिशा निर्देश किये जारी..

हरिपथ:लोरमी–10अप्रेल क्षेत्र में समग्र विकास एवं पर्यटन की अपार संभावनाओं को साकार करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने नगर में बैठक लेकर पर्यटन विकास की दृष्टि से व्यावहारिक एवं प्रभावी योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में पर्यटन के क्षेत्र में जिले को नई पहचान दिलाने तथा नया आयाम देने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में रिसॉर्ट निर्माण, एडवेंचर गतिविधियों के विकास एवं आधुनिक शहरी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान जिले में उपलब्ध प्राकृतिक एवं भौगोलिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं का आकलन किया गया।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन विकास की दृष्टि से व्यवहारिक एवं प्रभावी योजनाएं तैयार की जाएं, जिससे जिले में रोजगार के अवसर सृजित हों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

बैठक में आर्किटेक्ट आशीष रॉय, मानस हल्दर, अर्बन प्लानर एवं शुभम घाटगे ने अपने तकनीकी सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन स्थलों के विकास, आकर्षक डिजाइन एवं सतत विकास के दृष्टिकोण पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव एवं सहमति प्रदान की।
कलेक्टर ने प्रस्तावित नगर उद्यान स्थल का निरीक्षण, भूमि विवाद के शीघ्र निराकरण एवं विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

लोरमी– नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित नगर उद्यान स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका एवं वन विभाग के मध्य भूमि विवाद की स्थिति सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि विवाद का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नगर उद्यान निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को प्राथमिकता से दूर किया जाए।

कलेक्टर ने वन विभाग द्वारा निर्मित जर्जर भवन को नियमानुसार हटाने तथा प्रस्तावित उद्यान निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर उद्यान विकसित होने से नागरिकों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा, साथ ही शहर की सुंदरता एवं आकर्षण में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर के मुख्य मार्गों का भी जायजा लिया और ठेला-गुमटी दुकानों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने सीएमओ नगर को यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम तत्काल उठाने को कहा, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान हेतु भी निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को सुविधा मिले और यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
इस दौरान एसडीएम अजीत पुजारी, तहसीलदार शेखर पटेल एवं सीएमओ चंदन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



