उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रामीण सड़क विस्तार के लिए 10 सड़क के निर्माण पर 24.58 करोड़ किया स्वीकृत….

हरिपथ:लोरमी। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने नव वर्ष के अवसर पर लोरमी विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सड़क निर्माण कार्यों के लिए 13 करोड़ 76 लाख 91 हजार रुपए जारी की है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य स्वीकृति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
श्री साव ने कहा कि, लोरमी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कें विकास की आधारशिला होती हैं, इससे गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और इससे लोगों का जीवन आसान बनेगा। क्षेत्रवासियों के विश्वास और सहयोग से हम लोरमी को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाएंगे।
श्री साव ने इन पांच कार्यों के लिए जारी की राशि-झझपुरी पुल से रविदास पुल सरईपतेरा तक निर्माण के लिए 2 करोड़ 4 लाख 25 हजार रुपए, सरईपतेरा (महरपुर नाली) से सारधा तक मार्ग लंबाई 2.30 किमी. निर्माण के लिए 2 करोड़ 41 लाख 13 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। सरईपतेरा रविदास पुल से बोधापारा तक निर्माण के लिए 3 करोड़ 8 लाख 70 हजार रुपए,उरईकछार से हरदीबांध मार्ग के निर्माण के लिए 2 करोड़ 10 लाख 25 हजार रुपए तथा कोसाबांड़ी से बखर्रा पहुंच मार्ग के कार्य के लिए 4 करोड़ 12 लाख 58 हजार की स्वीकृति प्रदान की है।
गौरतलब है कि, श्री साव जी का यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। करोड़ों रुपए के सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और खुशी का माहौल है। झझपुरी, सरईपतेरा, सारधा, उरईकछार, हरदीबांध, कोसाबांड़ी और बखर्रा सहित अनेक गांवों के ग्रामीणों ने इन विकास कार्यों के लिए लोरमी के जनसेवक एवं विकास पुरुष विधायक अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनके सतत प्रयासों से लोरमी विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है। गांव-गांव तक पक्की सड़कों का विस्तार हो रहा है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है।
इससे पहले इन कार्यों के लिए जारी हुई राशि
श्री साव के प्रयासों से कुछ दिन पहले बावाडोंगरी से कोसाबाड़ी, कोदवा से मोहबंधा, मुंगेली के राज्य मार्ग (एस.एच. 10) से सेनगुड़ा तक, डोंगरिया मेन रोड से मंडी तथा नवरंगपुर नवापुल से डी-3 हेडपुल मार्ग के लिए 10 करोड़ 81 लाख 66 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई थी। इस तरह कुल 24 करोड़ 58 लाख 57 हजार रुपए के सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुए हैं।
लोरमी क्षेत्र के ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने निरंतर विकास कार्यों के लिए उप मुख्यमंत्री साव की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को प्रशंसनीय बताया है, और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में लोरमी विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।



