उपलब्धिकोटाखेलन्यूजबिलासपुर

डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल की बालिकाओं ने मारी बाजी, शतरंज में नेशनल के लिए चयनित

हरिपथ:कोटा/गोबरीपाट– 30 अगस्त डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल की चार होनहार छात्राओं ने डी.ए.वी. स्टेट लेवल शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
डी.ए.वी. स्टेट लेवल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, SECL कुसमुंडा में किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शतरंज प्रतियोगिता में डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट की वंशिका रजक, ईशाना कुर्रे, निहारिका बंजारे एवं ऐशरी जांगड़े ने उत्कृष्ट खेल कौशल, एकाग्रता और रणनीतिक सूझबूझ का परिचय देते हुए शानदार सफलता हासिल की।
चारों छात्राओं ने क्लस्टर स्तर से लेकर स्टेट स्तर तक लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा के दम पर नेशनल लेवल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं।


इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल एवं एस्कॉर्ट शिक्षिका दीपा देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा, “हमारी बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उनकी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हमारी छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।”
खेल शिक्षक महेंद्र मरावी ने बताया कि छात्राओं ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कई महीनों तक नियमित अभ्यास किया। प्रतिदिन लगभग दो घंटे के अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विजेता छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, खेल शिक्षक महेंद्र मरावी, प्राचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार को दिया।

छात्राओं ने कहा कि अब उनका लक्ष्य नेशनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल करना है।विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षकगण ने चारों छात्राओं को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी।
उल्लेखनीय है कि डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल, योग, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है।

Latest