आस्था & भक्ति का संगम: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्निक बाबाघाट में महादेव का रुद्राभिषेक कर सौंदर्यीकरण कार्यों का किया लोकार्पण..



हरिपथ:लोरमी। 24 अगस्त प्रासिद्ध श्री बाबाघाट धाम में पावन श्रावण मास के अंतिम सोमवार को आस्था और विकास का सुंदर संगम देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने धर्म पत्नी मीना साव एवं नगर के परिवारजनों के साथ स्वामी शिवानंद महाराज के पावन सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने महादेव से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

रुद्राभिषेक के बाद श्री साव ने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया। उन्होंने कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ की सोच के साथ लोरमी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। सौंदर्यीकरण के बाद बाबाघाट का स्वरूप भव्य और आकर्षक हुआ है। श्रद्धालुओं को यहां स्वच्छ, शांत और भक्तिमय वातावरण मिलेगा।


श्री साव ने कहा कि श्री बाबाघाट धाम लोरमी का प्राचीन धार्मिक स्थल है। वर्षों से यहां साधु-संत पूजन, हवन एवं विश्राम करते रहे हैं। समय के साथ यह स्थल जीर्ण-शीर्ण हो गया था। अब इसके सौंदर्यीकरण और उन्नयन से नया स्वरूप मिला है।उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक कॉरिडोर का निर्माण किया। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया गया। छत्तीसगढ़ में भी भोरमदेव कॉरिडोर एवं मां बम्लेश्वरी मंदिर में प्रसाद योजना के तहत कार्य होगा। वहीं रतनपुर धाम के विकास की दिशा में कार्य हो रहे हैं। इसी तरह लोरमी का बाबाघाट भी भव्य स्वरूप में विकसित किया गया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त एवं जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

श्री साव ने परिवारजनों से कहा कि, बाबाघाट के स्वरूप को सुंदर बनाए रखते हुए नियमित धार्मिक आयोजन करें। वहीं इसे क्षेत्र के प्रमुख अध्यात्म केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प पूरा किया है। श्री साव ने बाबाघाट के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए लोरमी वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि, स्वामी शिवानंद जी महाराज का आशीर्वाद हम सभी के साथ है।

गौरकापा के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक किया रुद्राभिषेक
लोरमी। श्रावण मास के पावन अंतिम दिवस उप उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज गौरकापा स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री साव ने सपत्नीक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। बोल बम के जयकारे से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने भगवान भोलेनाथ से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि देवाधिदेव महादेव की कृपा सदैव सभी पर बनी रहे।