कोटान्यूजपेंड्राशिक्षा

दो दिवसीय CBP प्रशिक्षण में डीएवी के शिक्षक हुए शामिल…

हरिपथ:कोटा पेंड्रा सारबहरा में दो  शिक्षकों की शिक्षण दक्षता एवं व्यावसायिक क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से पेंड्रा सारबहरा में आयोजित दो दिवसीय CBP (Capacity Building Programme) प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों के साथ डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाठ के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, प्रभावी कक्षा प्रबंधन, आधुनिक एवं नवाचार आधारित शिक्षण तकनीक, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता तथा मूल्य आधारित शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। रिसोर्स पर्सन्स ने शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराया।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को इस बात पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, जीवन कौशल, रचनात्मक सोच एवं समस्या समाधान की क्षमता से भी जोड़ा जाए। प्रशिक्षण में शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा नवीन शिक्षण विधियों को समझा।

इस अवसर पर प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने कहा कि ऐसे क्षमता विकास कार्यक्रम शिक्षकों को समय के साथ बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से इन नवीन शिक्षण पद्धतियों का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचेगा और कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने में सहायता मिलेगी।

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाठ से प्राचार्य सुधांशु जायसवाल के नेतृत्व में सावित्री देवांगन, पूजा तिवारी, पुष्पा सूर्यवंशी, दीपा देवांगन, दिव्या टंडन, नेहा साहू, श्रद्धा मिश्रा, राजकुमारी, चुन्नू लाल साहू, रूपेश श्रीवास, अमित श्रीवास, निर्मल खूंटे सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण में सहभागिता की।

Latest