किसानकृषि विभागन्यूजपथरिया

DMF योजना से 150 किसानों को मिली बैटरी चलित स्प्रेयर की सौगात..

हरिपथ:पथरिया-10 सितंबर  कलेक्टर के निर्देश एवं उपसंचालक कृषि के मार्गदर्शन में गुरुवार को कार्यालय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड में जिला खनिज न्यास (DMF) योजना के अंतर्गत कृषकों को बैटरी चलित स्प्रेयर का वितरण किया गया। 150 किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा उपलब्ध कराना, फसल सुरक्षा को प्रभावी बनाना तथा कीटनाशक एवं अन्य कृषि दवाओं के छिड़काव में लगने वाले समय और श्रम को कम करना है। बैटरी चलित स्प्रेयर मिलने से किसानों को खेतों में दवाओं का छिड़काव करने में आसानी होगी। इससे कम समय में अधिक क्षेत्रफल में छिड़काव किया जा सकेगा और किसानों की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एलके कोशले, समस्त कृषि विकास अधिकारी (ADO) एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को बैटरी चलित स्प्रेयर के संचालन, रखरखाव तथा कृषि कार्यों में इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को फसलों में कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए दवाओं के संतुलित और सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर कृषि स्थायी सभापति सन्नी भार्गव, जनपद सदस्य मनीष साहू, कृषि स्थायी समिति सदस्य इंद्रजीत बन्दे, पार्षद इंद्रजीत यादव, भाजपा नेता बलदाऊ जायसवाल, ग्राम पंचायत कुकुसदा के सरपंच जनकराम साहू, जगता कांपा सरपंच इंदल सिंह, खैरा सरपंच श्रीमती आशनी साहू, सोनपुरी उपसरपंच लेखुराम वर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकार हिंछा राम सोनवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कृषक उपस्थित रहे।

Latest