मुंगेली

विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्टर ने आत्मानंद स्कूल में रोपे कटहल के पौधे,पर्यावरण के संरक्षण व सवर्धन के लिये पौधरोपण जरूरी..

हरिपथमुंगेली◆ 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर आज जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर राहुल देव ने शाला परिसर में कटहल का पौधा रोपित किया और पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संदेश दिया। अपर कलेक्टर तीर्थराज अग्रवाल ने आम और स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक व विद्यार्थियों ने विभिन्न फलदार पौधे का रोपण किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित और सुरक्षित रखने के लिए प्रतिवर्ष 05 जून को पर्यावरण दिवस मनाते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य है कि लोगों को इसके प्रति जागरूक करना, ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें। पर्यावरण के संरक्षण व संवर्धन के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। विश्व पर्यावरण दिवस पर हम सभी को पर्यावरण के बारे में सोचने का मौका मिलता है। पर्यावरण हमेशा हम सभी को बहुत कुछ देता है, जो हमारे जीने के लिए जरूरी होता है। हमारा भी दायित्व है कि हम पर्यावरण की सुरक्षा करें। इस कार्य के लिए दूसरों को भी प्रेरित करें। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर ने कहा कि जहां प्रकृति है, वहां जीवन है और जब इसी प्रकृति को क्षति पहुंचती है तो जीवन पर भी असर पड़ता है। उन्होंने स्कूल के बच्चों से भी चर्चा कर पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्हें जागरूक किया। इससे पहले कलेक्टर का स्वामी आत्मानंद स्कूल पहुंचने पर पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। स्कूल के प्राचार्य डाॅ. आई. पी. यादव ने बताया कि प्रकृति के प्रति सकारात्मक सोच को लेकर स्कूल में निबंध, भाषण, क्विज, कला प्रतियोगिता, बैनर प्रदर्शन, संगोष्ठी, कार्यालय, नुक्कड़ नाटक आदि के जरिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अवसर पर डीएमसी श्री ओपी कौशिक सहित संबंधित विभाग के अधिकारी सहित स्कूल के शिक्षकगण व विद्याथीगण उपस्थित थे।

error: Content is protected !!