ज्ञापनन्यूजमहाविद्यालयमाँगमुंगेलीशिक्षा

महाविद्यालय की मूलभूत समस्याओं को लेकर ABVP ने सौंपा ज्ञापन….

हरिपथ:मुंगेली-21 सितम्बर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की SNG महाविद्यालय, मुंगेली इकाई द्वारा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा है।

ABVP के छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के अभाव के कारण विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ दैनिक गतिविधियों में भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थी हित को ध्यान में रखते हुए परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष विभिन्न मांगें रखीं।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, शौचालय की नियमित सफाई एवं आवश्यक मरम्मत, महाविद्यालय परिसर एवं कक्षाओं में नियमित साफ-सफाई, CCTV एवं सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए कैंटीन क्षेत्र का निर्धारण, स्मार्ट क्लासरूम एवं प्रोजेक्टर की व्यवस्था तथा कॉमन रूम की उचित व्यवस्था की मांग की गई।

इसके साथ ही सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, पर्याप्त कंप्यूटर की उपलब्धता एवं नियमित PGDCA कक्षा, महाविद्यालय में NCC की व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए नियमित खेल एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन, खेल मैदान एवं आवश्यक खेल सामग्री की व्यवस्था, छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाओं सहित करियर गाइडेंस, सेमिनार, प्लेसमेंट, महाविद्यालय भूमि सीमांकन एवं रिक्त पदों पर नियुक्ति जैसी मांगें शामिल हैं, तथा महाविद्यालय में आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने की मांग भी रखी गई।

विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की समस्याओं पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपते हुए परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए परिषद निरंतर आवाज उठाती रहेगी तथा आवश्यकतानुसार आगे भी महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष विषय को मजबूती से रखते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Latest