आकाशीय बिजलीकिसानक्राईम /पुलिसखपरीकलाछत्तीसगढ़न्यूजलोरमी

आकाशीय बिजली गिरने से किसान की दर्दनाक मौत, धान रोपाई के दौरान हुआ हादसा

हरिपथ:लोरमी– 26 जुलाई (नन्द कुमार यादव) विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेलसरी में रविवार दोपहर खेत में धान रोपाई कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं सूचना मिलने पर फास्टरपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मोहडण्डा के आश्रित ग्राम बेलसरी निवासी मृतक फलित राम साहू (29 वर्ष), पिता बोधन साहू, निवासी ग्राम बेलसरी रविवार को दोपहर करीब 1 बजे अपने खेत में धान रोपाई के दौरान खेत के मेढ़ में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उसकी सहायता के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजनों ने घटना की सूचना फास्टरपुर थाने में दिया, पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो छोटे बच्चे बताए जा रहे है। ग्रामीणों ने शासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में खुले खेतों और पेड़ों के नीचे काम करने से बचने की अपील की है।फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना की विवेचना में जुटी है।

Latest