केबल वायर चोरी प्रकरण में दो विधि से संघर्षरत बालक सहित पाँच आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…

हरिपथ:मुंगेली/लोरमी– (फलित जांगड़े) 26 जुलाई पुलिस ने केबल वायर चोरी के प्रकरण का त्वरित निराकरण करते हुए 03 आरोपियों एवं 2 विधि से संघर्षरत बालकों से चोरी गई संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लगभग 10 मीटर केबल वायर एवं घटना में प्रयुक्त कटर जप्त कर 3 आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय एवं दो को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि प्रार्थी दयालदास पिता संतोष पात्रे, उम्र 42 वर्ष, निवासी नवाडीह, थाना लोरमी ने दिनांक 24 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात्रि लगभग 11:30 बजे जब वह अपने खेत स्थित ट्यूबवेल से फसल की सिंचाई करने पहुंचा, तब उसने देखा कि ट्यूबवेल में लगा लगभग 10 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग ₹1,200 थी, अज्ञात चोर द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया है।
प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध पश्चात विवेचना के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही विशाल ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी अरमान खान, कुशाल रजक उर्फ छोटू तथा 02 विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया।
सभी आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालकों की निशानदेही पर चोरी गया केबल वायर (कीमत लगभग ₹1,200) एवं घटना में प्रयुक्त एक नग कटर जप्त कर आरोपी विशाल ध्रुव (20 वर्ष), निवासी महामायापारा लोरमी, अरमान खान (19 वर्ष), निवासी करसरी चौकी डिंडौरी तथा कुशाल रजक उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी बाजारपारा को प्रकरण में थाना के अपराध क्रमांक 302/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर
आरोपियों की विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया व मामले में शामिल 02 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने केबल वायर चोरी के प्रकरण का सफलतापूर्वक निराकरण किया।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (प्रभारी,थाना लोरमी), दयाल गवास्कर, दिलेश्वर साहू, राजू साहू, देवी नवरंग की भूमिका रही।
पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।